फरसा, चाकू की नोक पर लूट का खुलासा, नाबालिग समेत 6 आरोपी गिरफ्तार…..

रायपुर के खमतराई थाना पुलिस ने फरसा और चाकू की नोक पर हुई दो लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 3 मोबाइल फोन, नगदी और वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार फरसा भी बरामद किया है।
पहली घटना 20 जून की रात डीआरएम ऑफिस के पास हुई, जहां बाइक सवार युवक से फरसा दिखाकर मोबाइल और 1,800 रुपये लूट लिए गए। वहीं 6 जुलाई की रात वॉल्टेयर लाइन के पास एक्टिवा सवार और हाईवा चालक को चाकू दिखाकर दो मोबाइल फोन और 1,750 रुपये लूटे गए। दोनों मामलों में खमतराई थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों वारदातें कबूल कर लीं। पुलिस ने लूट का सामान खरीदने वाले आरोपी पर भी कार्रवाई की है। दोनों मामलों में करीब 55 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया है।




