बेलतरा ग्रामीण बैंक चोरी की साजिश नाकाम, पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित बेलतरा ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई की रात आरोपियों ने बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। बदमाशों ने बैंक का राउटर और स्टेबलाइजर चोरी कर लिया, जबकि लॉकर और एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने की भी कोशिश की। सोमवार को बैंक खुलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद रतनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी गया राउटर, स्टेबलाइजर, वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल, गैंती और टंगिया बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




