50 चाकूबाजों और हिस्ट्रीशीटरों की थाने में हुई परेड, सोशल मीडिया पर भी रखी जा रही कड़ी निगरानी…..

रायपुर में अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। आज क्राइम ब्रांच में 50 चाकूबाजों, हिस्ट्रीशीटरों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी गई।
अपराध पर नकेल कसने के लिए रायपुर पुलिस की मुहिम तेज हो गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर आज विभिन्न थाना क्षेत्रों से बुलाए गए 50 चाकूबाजों और हिस्ट्रीशीटरों की परेड कराई गई और उन्हें अपराधों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी गई। अब तक 250 से अधिक आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को इसी तरह चेतावनी दी जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि इन लोगों को उनके अपराधों से दूर रहकर शांतिपूर्ण जीवन जीने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर चाकू, तलवार या अन्य हथियारों के साथ फोटो और वीडियो अपलोड करने वालों पर भी सख्ती की जा रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान ‘गैंगस्टर’ और ‘डॉन’ जैसे नामों से बनाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। सायबर सेल की मदद से इनकी गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर पुलिस की यह मुहिम अपराधियों को चेतावनी देने के साथ-साथ नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा रही है। आने वाले दिनों में यह अभियान और सख्त हो सकता है।




