सड़क के गड्ढों में ‘मछली पालन’, जर्जर सड़क और जलभराव को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या का कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सेंवार गांव में सड़क के गड्ढों में भरे पानी में मछलियां छोड़कर ‘मछली पालन’ किया गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर के लिए सड़क जाम हो गई।
बिल्हा विधानसभा के नगपुरा, धमनी, कड़ार और सेंवार मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार को कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में भरे पानी में मछलियां छोड़कर प्रशासन का ध्यान खस्ताहाल सड़क की ओर आकर्षित करने की कोशिश की गई। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।प्रदर्शन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर शांत कराया और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि बारिश के मौसम में जलभराव और गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है और हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और बाद में यातायात भी सामान्य हो गया। हालांकि कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया तो ज्यादा उग्र आंदोलन किया जाएगा।




