बिलासपुर

सिम्स रोड पर फिर बढ़ा अतिक्रमण, मरीजों और एम्बुलेंस की आवाजाही हो रही प्रभावित

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जय साहू) : बिलासपुर – सिम्स अस्पताल तक जाने वाले रास्ते को लेकर एक बार फिर से अतिक्रमण का मामला सामने आया है। कुछ समय पहले ही इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त किया गया था ताकि मरीजों और एम्बुलेंस की आवाजाही में कोई परेशानी न हो। लेकिन अब एक बार फिर से सड़क पर वाहनों और ठेलों का कब्जा दिखने लगा है।

Advertisement

सिम्स चौक से रिवरव्यू तक की सड़क का हाल ही में चौड़ीकरण किया गया और डामरीकरण भी कराया गया। उद्देश्य साफ था एम्बुलेंस की निर्बाध आवाजाही और मरीजों के लिए एक सुगम मार्ग तैयार करना। शुरुआत में अतिक्रमण हटाकर सड़क को पूरी तरह खाली किया गया था। लेकिन अब हालात फिर से पुराने जैसे हो गए हैं। सड़क के दोनों ओर ऑटो, कार और ठेलेवालों का जमावड़ा फिर से दिखाई दे रहा है, जिससे आमजन और खासकर मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थिति ये है कि कई बार एम्बुलेंस को जाम में फँसना पड़ता है। मरीजों को स्ट्रेचर पर लेकर आने-जाने में भी अस्पताल स्टाफ को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। जब इस पूरे मामले पर यातायात एएसपी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई है कि वह अपने वाहन सड़क पर पार्क न करें।

Advertisement

यातायात विभाग की ओर से यह भी साफ कहा गया है कि अगर चेतावनी के बावजूद सड़क पर अतिक्रमण होता है, तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और यातायात विभाग की कार्रवाई का असर कितना होता है, ये आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। मरीजों की सुविधा और जीवन रक्षक सेवाओं की राह में कोई बाधा न आए, इसके लिए ज़रूरी है कि सड़क को अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए।

 

Related Articles

Back to top button