बिलासपुर

स्टेशन पहुंचने से पहले जान लें नया रूट, 10 जुलाई से बंद होगा गेट नंबर-4 का रास्ता….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना का निर्माण कार्य जारी है। इसके चलते 10 जुलाई से स्टेशन के गेट नंबर-4 तक जाने वाला मुख्य रास्ता अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाएगा। इसका सीधा असर हजारों यात्रियों पर पड़ेगा, जिन्हें अब स्टेशन पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना होगा।बिलासपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से निर्माण कार्य चल रहा है।

Advertisement

अब गेट नंबर-4 के सामने नई स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण के लिए 10 जुलाई से खुदाई शुरू होगी। इसके कारण बुधवारी बाजार मेन रोड पर मुल्कराज होटल के सामने से गेट नंबर-4 तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा। यह रास्ता रोजाना हजारों यात्रियों, ऑटो चालकों और स्थानीय लोगों द्वारा इस्तेमाल किया जाता है, जिससे आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है। रेलवे प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बताया है कि गेट नंबर-4 तक पहुंचने के लिए यात्रियों को एनई कॉलोनी के सामने से बुधवारी बाजार के पीछे वाली सड़क का उपयोग करना होगा। वहीं शहर की ओर से आने वाले अधिकांश यात्रियों को स्टेशन में प्रवेश और बाहर निकलने के लिए गेट नंबर-1 और 2 का इस्तेमाल करना होगा। इससे इन दोनों गेट पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने की सम्भावना है।

Advertisement

निर्माण कार्य के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हो सकती है जो आखिरी समय में स्टेशन पहुंचते हैं। लंबा वैकल्पिक रास्ता, ट्रैफिक और अतिरिक्त पैदल दूरी के कारण ट्रेन छूटने का भी खतरा बढ़ सकता है। ऑटो और टैक्सी चालकों को भी नया रूट अपनाना पड़ेगा, जिससे सफर में अतिरिक्त समय लग सकता है। बुजुर्ग, दिव्यांग, छोटे बच्चों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।फिलहाल यह व्यवस्था निर्माण कार्य पूरा होने तक लागू रहेगी। ऐसे में अगर आपकी ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से है, तो समय से पहले घर से निकलना होगा।

Related Articles

Back to top button