अंधे कत्ल का खुलासा, बहू निकली साजिशकर्ता, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर 70 वर्षीय बुजुर्ग चुगरू प्रधान की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दुलदुला थाना क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर में बुजुर्ग अपने घर में हाथ-पैर बंधे और शरीर पर गंभीर चोटों के साथ मृत मिले थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और साइबर सेल की मदद से पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि मृतक की बहू सुगंती बेसरा का लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक 3-4 जुलाई की दरम्यानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से घर पहुंचे, दरवाजा खुलवाकर लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया, फिर हाथ-पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंसकर बुजुर्ग की हत्या कर दी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। जशपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को वैज्ञानिक विवेचना और त्वरित जांच का परिणाम बताते हुए गंभीर अपराधों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई है।




