बिलासपुर

बदहाल सड़क बनी ग्रामीणों की मुसीबत, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर। नगर पालिका परिषद बोदरी के वार्ड क्रमांक 10 स्थित डड़हा बोदरी की जर्जर सड़क वर्षों से क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। बरसात शुरू होते ही सड़क कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर कई शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

Advertisement

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और मरीजों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस का गांव तक पहुंचना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में मरीजों को मुख्य सड़क तक चारपाई या अन्य साधनों से ले जाना पड़ता है।

Advertisement

गांव में केवल कक्षा 5 तक का प्राथमिक विद्यालय है। कक्षा 6 से आगे की पढ़ाई के लिए बच्चों को प्रतिदिन चकरभाठा जाना पड़ता है। खराब सड़क और कीचड़ के कारण कई छात्र रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे पैदल जाने को मजबूर हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है।इस गंभीर समस्या को लेकर युवा कांग्रेस अध्यक्ष (बिल्हा विधानसभा) एवं जिला ग्रामीण ओबीसी विभाग कांग्रेस अध्यक्ष सुनील साहू ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराते हुए सड़क का प्राथमिकता के आधार पर पक्का निर्माण कराने की मांग की है।

 

सुनील साहू का कहना है कि यदि शिकायत के बाद भी जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासियों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए लोगों को वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा है, जो विकास के दावों पर सवाल खड़ा करता है।अब क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी है कि आखिर इस बदहाल सड़क से उन्हें कब राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button