ब्लेड से गला रेतने की कोशिश करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार, महाराष्ट्र से लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वारदात के बाद महाराष्ट्र भाग गया था, लेकिन रेलवे स्टेशन पहुंचते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ब्लेड और स्कूटी भी बरामद की गई है।
15 जून को तालापारा निवासी मोहम्मद समीर ने आपसी विवाद के दौरान साहिल बर्मन की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद आरोपी फरार होकर भंडारा, महाराष्ट्र चला गया था।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बिलासपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल ब्लेड और रेलवे स्टेशन पार्किंग में खड़ी स्कूटी भी जब्त कर ली गई।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




