सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ एसपी से शिकायत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब बिलासपुर पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बिलासपुर जिले के रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप के खिलाफ सरकारी जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत की गई है। वार्ड क्रमांक-8 भेड़ीमुड़ा निवासी विमला कश्यप का आरोप है कि उनकी पैतृक भूमि से लगी शासकीय जमीन पर अध्यक्ष ने अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर अवैध निर्माण कराया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और धमकी दी गई।
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कराई थी। जांच के लिए अधिकारी मौके पर पहुंचे, लेकिन निर्माण कार्य नहीं रुका। कार्रवाई नहीं होने से नाराज महिलाओं ने अब पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर पालिका अध्यक्ष पर साध्वी पद्मनीपुरी राठौर ने दुर्व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाए थे। हालांकि, मौजूदा मामले में लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पूरे प्रकरण की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




