दिनदहाड़े किराना व्यवसायी का अपहरण, CCTV में कैद हुई वारदात

(शैलेश सोनी) : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी के अपहरण की घटना से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, व्यवसायी गिरीश यादव अपने घर के सामने खड़े थे, तभी नीले रंग की बलेनो कार में पहुंचे दो अज्ञात युवक उन्हें जबरन पकड़कर वाहन में बैठाने लगे। परिजनों ने विरोध किया, लेकिन बदमाश उन्हें धक्का देकर गिरीश यादव को कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए।
पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही मरवाही पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस संदिग्ध वाहन और आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। अपहरण की इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के सीमावर्ती थाना क्षेत्रों और चेक पोस्टों को अलर्ट कर दिया गया है। मध्यप्रदेश सीमा से लगे मार्गों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों और वाहन की लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि व्यवसायी की सुरक्षित बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




