पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, ओडिशा से दो सप्लायर गिरफ्तार..

(उज्ववल तिवारी) : पेंड्रा : जिले की पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से दो सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी से संगठित गांजा तस्करी रैकेट का खुलासा हुआ है।
पेंड्रा पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए ओडिशा के कालाहांडी और बौध जिलों से दो मादक पदार्थ सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पीबाना सिंह (35 वर्ष) निवासी कालाहांडी और सिधेश्वर राणा उर्फ सुमंतु (28 वर्ष) निवासी बौध शामिल हैं। ये दोनों आरोपी जिले में दर्ज दो अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में संलिप्त पाए गए थे।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता
“यह गिरफ्तारी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारी टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा है। आगे भी इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।”
थाना पेंड्रा में दर्ज अपराध क्रमांक 362/24 में आरोपी पीबाना सिंह की भूमिका सामने आई, जिसमें 73 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया था। वहीं, थाना गौरेला में दर्ज अपराध क्रमांक 304/24 में आरोपी सिधेश्वर राणा की संलिप्तता उजागर हुई, जहां 1.05 क्विंटल गांजा जब्त किया गया था।
पुलिस जांच में यह सामने आया है कि ये आरोपी नक्सल प्रभावित इलाकों में अवैध गांजा खेती करने वाले गिरोहों से मादक पदार्थ खरीदकर विभिन्न राज्यों में तस्करी करते थे। इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता की मुख्य भूमिका रही। उनके निर्देशन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सुरेश ध्रुव, सहायक उप निरीक्षक गोपाल खांडेकर, आरक्षक राजेश शर्मा, सुरेंद्र विश्वकर्मा और हर्ष गहरवार की टीम ने ओडिशा में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।




