रायगढ़

2 लाख की उठाईगिरी का खुलासा, जशपुर से गिरफ्तार हुआ गिरोह का सदस्य

रायगढ़ पुलिस ने तमनार में बैंक के बाहर हुई 2 लाख रुपये की उठाईगिरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सात दिनों तक जशपुर में कैंप कर नट गिरोह के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक, चोरी की रकम से खरीदी गई नई मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं।

Advertisement

8 जून को तमनार स्थित अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकालने के बाद ग्रामीण लोकेश्वर पटेल ने रकम अपनी बाइक की डिक्की में रखी थी। तहसील कार्यालय में काम के दौरान अज्ञात आरोपियों ने डिक्की तोड़कर नकदी पार कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने नट गिरोह के सदस्यों की पहचान की और जशपुर में लगातार निगरानी शुरू की।

 

पुलिस ने पत्थलगांव क्षेत्र से धर्मेन्द्र मीणा उर्फ धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी विशाल उर्फ हरि नट के साथ मिलकर बैंक से निकलने वाले लोगों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की रकम के बंटवारे में मिले एक लाख रुपये से उसने नई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने दो मोटरसाइकिल और डिक्की तोड़ने के औजार जब्त कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि फरार साथियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button