बिलासपुर

प्रीमियम किराया, लेकिन बदहाल सुविधा! फर्स्ट एसी कोच में भर गया पानी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – रेलवे यात्रियों से प्रीमियम किराया तो वसूल रहा है, लेकिन सुविधाओं के नाम पर लापरवाही सामने आ रही है। बिलासपुर से रवाना हुई बीकानेर एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों को उस वक्त परेशानी का सामना करना पड़ा, जब कोच के अंदर एसी डक्ट से झरने की तरह पानी गिरने लगा। रायपुर स्टेशन पर शिकायत के बाद भी तत्काल सुधार नहीं हुआ और ट्रेन को दुर्ग तक भेज दिया गया।

Advertisement

बिलासपुर से रवाना हुई बीकानेर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहे यात्री उस समय हैरान रह गए, जब एसी डक्ट से अचानक पानी टपकना शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में पानी का बहाव इतना बढ़ गया कि वह कोच के कॉरिडोर में फैल गया और यात्रियों के केबिन तक पहुंचने लगा।

 

पानी गिरने से यात्रियों का सामान भीगने लगा। कई यात्रियों ने अपने बैग और जरूरी सामान सीटों के ऊपर रख दिए। कोच में मौजूद हाउसकीपिंग स्टाफ को सूचना दी गई, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वे तत्काल समस्या दूर नहीं कर सके। यात्रियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग करते हुए शिकायत दर्ज कराई।

 

ट्रेन के रायपुर पहुंचने पर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की, लेकिन रेलवे अधिकारियों ने मौके पर समस्या का समाधान नहीं किया। इसके बाद ट्रेन को दुर्ग के लिए रवाना कर दिया गया। दुर्ग स्टेशन में तकनीकी टीम ने जांच की तो पता चला कि एसी का ड्रेन पाइप जाम हो गया था, जिससे पानी बाहर निकलने के बजाय कोच के अंदर भरकर रिसने लगा।

 

तकनीकी कर्मचारियों ने करीब 23 मिनट तक मरम्मत कार्य किया और ड्रेन पाइप साफ कर समस्या दूर की। इसके बाद रात 9 बजकर 40 मिनट पर ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। घटना ने रेलवे की मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि फर्स्ट एसी जैसे प्रीमियम कोच में भी यात्रियों को ऐसी परेशानी झेलनी पड़ी।

Related Articles

Back to top button