भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने घटनास्थल पर खड़े ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर चार युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मारी थी। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क पर छोड़कर फरार हो गया। सड़क पर लापरवाही से खड़े ट्रक के कारण यह बड़ा हादसा हुआ। घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।




