निर्माण कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे पीडब्ल्यूडी सचिव, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर जिले में निर्माणाधीन सड़कों और अधोसंरचना परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी लाने के निर्देश दिए। सचिव ने मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को फोरलेन बनाने का प्रस्ताव भेजने को कहा, वहीं कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी भी जताई।
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने जशपुर जिले के रौनीघाट-बगीचा मार्ग, बगीचा-चराईडांड मार्ग और मेडिकल कॉलेज के प्रस्तावित पहुंच मार्ग का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
सचिव ने मेडिकल कॉलेज पहुंच मार्ग को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए फोरलेन सड़क के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को इसका प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने जशपुर से पत्थलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद आयोजित समीक्षा बैठक में सड़कों, पुलों और भवन निर्माण परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।सचिव मुकेश कुमार बंसल ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए जनता तक विकास का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।




