पिता समेत दो मासूम बच्चों के शव घर में मिले, जहर सेवन करने की आशंका….!

जांजगीर-चांपा जिले के नैला चौकी क्षेत्र के ग्राम बिरकोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के भीतर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक मृतक रमेश कुमार पटेल का करीब एक सप्ताह पहले अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी के लौटने से इनकार करने पर वह अकेला घर वापस आ गया था।
बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने गांव से बाहर गए हुए थे। करीब साढ़े ग्यारह बजे उन्हें सूचना मिली कि रमेश और उसके दोनों बच्चे घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां तीनों के शव घर के अंदर मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही नैला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे भी मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में कीटनाशक जहर सेवन का मामला प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।बिरकोनी गांव की इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।




