मोदी सरकार के 12 साल: पेंड्रा में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ, विकास और जनकल्याण की उपलब्धियां प्रदर्शित

(शैलेश सोनी) : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में तीन दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने किया। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
पेंड्रा के मल्टीपरपज स्कूल स्थित असेंबली हॉल में आयोजित यह प्रदर्शनी 17 जून से 19 जून तक चलेगी। शुभारंभ के बाद विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई।
विधायक मरपच्ची ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष विकास, विश्वास और जनकल्याण के प्रतीक रहे हैं। प्रदर्शनी का उद्देश्य आम जनता को शासन की योजनाओं, विकासोन्मुखी कार्यक्रमों और देश-प्रदेश में हुए सकारात्मक बदलावों से अवगत कराना है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और डिजिटल इंडिया अभियान जैसी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसके अलावा वित्तीय समावेशन, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आधारभूत संरचना विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यों को भी प्रदर्शित किया गया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मुकेश दुबे, उपाध्यक्ष रोशती तापश शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में आयोजित यह छायाचित्र प्रदर्शनी आम नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों से रूबरू करा रही है।




