जांजगीर-चाम्पा

पुलिस का बड़ा एक्शन: 6 घटनाओं में 14 लोगों पर जानलेवा हमला करने वाला गिरोह गिरफ्तार, 6 आरोपी व 2 नाबालिग पकड़े गए

जांजगीर-चांपा पुलिस ने कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ बड़ी और निर्णायक कार्रवाई की है। 27 और 29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ क्षेत्र में बदमाशों के एक संगठित गिरोह ने अलग-अलग स्थानों पर लूट, बेरहमी से मारपीट और हत्या के प्रयास की छह वारदातों को अंजाम दिया था।इन घटनाओं में कुल 14 लोग घायल हुए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बनी हुई है। गंभीर घायलों का इलाज बिलासपुर के निजी अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक पीड़ित कोमा में बताया जा रहा है।

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। साइबर थाना की तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर 6 आरोपियों और 2 विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया।पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिल से घूमकर राहगीरों को रोकते थे और सीधे सिर पर रॉड, डंडे और लोहे के पाइप से प्राणघातक हमला कर लूटपाट करते थे। उनका उद्देश्य क्षेत्र में दहशत फैलाना था।

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्टील रॉड, डंडे, बेल्ट, मोटरसाइकिल, स्कूटी, मोबाइल फोन और नकद राशि सहित कुल ₹4,09,000/- की संपत्ति जप्त की है।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना शिवरीनारायण और थाना पामगढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Related Articles

Back to top button