बिलासपुर

बिलासपुर नगर निगम में प्रशासनिक फेरबदल…..

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर नगर निगम में लंबे समय से एक ही जोन में पदस्थ अधिकारियों के प्रभार में बड़ा बदलाव किया गया है। निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने जोन कमिश्नरों और कार्यपालन अभियंताओं के नए दायित्व तय करते हुए आदेश जारी किया है। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम के सभी जोनों में व्यापक फेरबदल किया गया है।

Advertisement

आदेश के अनुसार मधुलिका सिंह को जोन क्रमांक-1, प्रवीण शर्मा को जोन क्रमांक-2, प्रवेश कश्यप को वीआईपी जोन क्रमांक-3, विभा सिंह को जोन क्रमांक-4, सागर राज को जोन क्रमांक-5, भूपेन्द्र उपाध्याय को जोन क्रमांक-6, रंजना अग्रवाल को जोन क्रमांक-8 की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवेश कश्यप को जोन-3 के साथ स्वास्थ्य अधिकारी, स्थापना शाखा, स्वच्छता सर्वेक्षण और सिटी 2.0 से जुड़े कार्यों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं सवीना अनंत को संजय तरण पुष्कर सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा प्रवीण शुक्ला को जोन कमिश्नर पद से हटाकर उनके मूल पद कार्यपालन अभियंता के रूप में जोन क्रमांक-3 और 7 का दायित्व दिया गया है। नगर निगम में कई अधिकारी पिछले ढाई से चार वर्षों से एक ही जोन में कार्यरत थे। निर्वाचित परिषद और पार्षदों की ओर से भी लगातार उनके प्रभार बदलने की मांग उठाई जा रही थी। इसी के मद्देनजर निगम प्रशासन ने सभी जोनों में एक साथ व्यापक फेरबदल किया है। बताया जा रहा है कि रंजना अग्रवाल के खिलाफ पार्षदों की कई शिकायतें भी लंबित थीं। नगर निगम के वीआईपी जोन माने जाने वाले जोन क्रमांक-3 की जिम्मेदारी अब प्रवेश कश्यप को दी गई है। इस क्षेत्र में बड़े अधिकारियों के कार्यालय, सरकारी बंगले और जनप्रतिनिधियों के निवास स्थित हैं। नगर निगम में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी विकास कार्यों और शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। अब नए प्रभार मिलने के बाद अधिकारियों के सामने बेहतर कार्य निष्पादन की चुनौती होगी।

Related Articles

Back to top button