नगर निगम एमआईसी बैठक में प्रोटोकॉल पर बवाल, सभापति-एमआईसी सदस्य आमने-सामने

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर नगर निगम की एमआईसी बैठक उस वक्त विवादों में घिर गई, जब प्रोटोकॉल को लेकर सियासी टकराव खुलकर सामने आ गया। तीन महीने पहले सामान्य सभा में हुए अपमान की खुन्नस आज एमआईसी बैठक में बवाल बनकर फूट पड़ी।
विवाद की जड़ तीन महीने पुरानी है, जब सामान्य सभा के दौरान सभापति विनोद सोनी ने प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार को पीछे की सीट पर बैठने के लिए कहा था। उसी घटना को लेकर आज एमआईसी की बैठक में माहौल अचानक गरमा गया।
जैसे ही सभापति विनोद सोनी एमआईसी बैठक में पहुंचे, एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार ने आपत्ति जताते हुए कहा कि सभापति को एमआईसी बैठक में बैठने का अधिकार नहीं है। इस बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बैठक में मेयर पूजा विधानी, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और सभी एमआईसी सदस्य मौजूद थे। बहस बढ़ने पर निगम सचिव राजेंद्र अवस्थी से नियम-कानून की जानकारी ली गई। सचिव ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार एमआईसी बैठक में केवल मेयर और एमआईसी सदस्य ही बैठ सकते हैं।
नियमों की व्याख्या के बाद विजय ताम्रकार का पक्ष मजबूत होता दिखा और बैठक का माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। हालांकि मेयर और अन्य एमआईसी सदस्यों के हस्तक्षेप से स्थिति को संभाल लिया गया। विवाद के बावजूद एमआईसी बैठक में कुल 52 प्रस्तावों को पारित किया गया। नगर निगम में प्रोटोकॉल बनाम परंपरा की यह लड़ाई अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई है।




