ट्रक चालकों से लूट करने वाला गिरोह पकड़ाया, 24 घंटे में 5 गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में आमाघाट रोड पर ट्रक और ट्रेलर चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तमनार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 6 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रात के समय गुजरने वाले ट्रकों पर पत्थरबाजी कर उन्हें रुकवाते थे। वाहन रुकने पर चालक-परिचालकों के साथ मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूट लेते थे। ताजा मामले में झारखंड निवासी ट्रक चालक रोहित कुमार पासवान के ट्रक पर पत्थर फेंककर उसका मोबाइल लूट लिया गया था। शिकायत के बाद तमनार पुलिस ने जांच शुरू कर ग्रामीणों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ में आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने रघुनाथ चौहान, शिव कुमार अघरिया, प्रवीण राठिया, जय किशन सोनार और किशन कंवर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में लूट की धारा हटाकर डकैती की गंभीर धारा जोड़ी गई है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि लूटपाट और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




