बड़ा हादसा टला, सड़क पर धराशायी हुआ विशाल पेड़, यातायात बाधित

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर में एक बार फिर नगर निगम की लापरवाही सामने आई है। मंगला चौक से मंगला बस्ती और दीनदयाल नगर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अचानक एक विशालकाय पेड़ सड़क पर गिर पड़ा, जिससे पूरे इलाके में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। पेड़ इतना बड़ा था कि सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और वाहन चालकों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ काफी पुराना और जर्जर था, जिसकी हालत लंबे समय से खराब थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
सबसे बड़ी बात यह रही कि घटना की सूचना नगर निगम को तत्काल दे दी गई थी, इसके बावजूद काफी देर तक निगम की कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। सड़क पर पेड़ गिरने से मंगला बस्ती, दीनदयाल नगर और आसपास के क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हो गया। लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।स्थानीय रहवासियों में निगम प्रशासन के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे जर्जर पेड़ों की जांच और कटाई की जाती, तो इस तरह की स्थिति नहीं बनती। फिलहाल क्षेत्र के लोग जल्द से जल्द पेड़ हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल करने की मांग कर रहे हैं।




