बिलासा एयरपोर्ट पर पहली सफल नाइट लैंडिंग, अब हर मौसम में संभव होगा फ्लाइट ऑपरेशन

(भूपेन्द्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के लिए बड़ी खुशखबरी है। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के विस्तार की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। एयरपोर्ट पर पहली बार नाइट लैंडिंग का सफल परीक्षण किया गया है।छत्तीसगढ़ शासन के स्टेट प्लेन के जरिए इस ट्रायल को अंजाम दिया गया। परीक्षण के दौरान रनवे लाइटिंग सिस्टम, एप्रोच लाइट्स, एयर ट्रैफिक कोऑर्डिनेशन सहित सभी तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई। ट्रायल के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
हाल ही में एयरपोर्ट को VFR से IFR श्रेणी में अपग्रेड किया गया था और इसी के तहत यह परीक्षण किया गया। नाइट लैंडिंग की सफलता के बाद अब कम विजिबिलिटी और किसी भी मौसम में यहां फ्लाइट ऑपरेशन का रास्ता साफ हो गया है। ट्रायल के दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर, नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो रायपुर के क्षेत्रीय निदेशक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इस उपलब्धि से क्षेत्र में हवाई सेवाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद और मजबूत हो गई है। बिलासपुर एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया नाइट लैंडिंग का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है। सभी तकनीकी मानकों की जांच की गई और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। भविष्य में नियमित नाइट ऑपरेशन शुरू करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।




