रायपुर पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, 5.65 करोड़ के मादक पदार्थ किए नष्ट

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 5 करोड़ 65 लाख रुपए मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया है। सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों में दर्ज 97 प्रकरणों में जब्त ड्रग्स और नशीले पदार्थों को सिलतरा स्थित अधिकृत प्लांट में नष्ट किया गया, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई की अध्यक्षता डीसीपी सेंट्रल जोन आईपीएस उमेश प्रसाद गुप्ता ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और जिला आबकारी अधिकारी राजेश कुमार शर्मा भी मौजूद रहे।
नष्टीकरण की कार्रवाई में लगभग 494 किलो गांजा, 11 किलो से अधिक चरस, 11 हजार 964 नशीले कैप्सूल और टेबलेट, ब्राउन शुगर, एमडीएमए ड्रग्स और कोकेन को वैधानिक प्रक्रिया के तहत नष्ट किया गया, पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई पर्यावरणीय और सुरक्षा मानकों के अनुरूप की गई। साथ ही वीडियोग्राफी और दस्तावेजीकरण भी सुनिश्चित किया गया।
रायपुर पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पीआईटी-एनडीपीएस और फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के जरिए अवैध आर्थिक नेटवर्क पर भी प्रहार किया जा रहा है।रायपुर पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।




