महासमुंद

एम्बुलेंस में गांजा तस्करी नाकाम, 77 किलो गांजा जब्त, 5 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एंबुलेंस के जरिए हो रही गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने एंबुलेंस में छिपाकर ले जाए जा रहे 77 किलो अवैध गांजा को जब्त किया है। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के 5 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजा, एंबुलेंस, पायलेटिंग कार और मोबाइल फोन समेत कुल 50 लाख 45 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

Advertisement

पुलिस के मुताबिक ओडिशा से महासमुंद की ओर एक एंबुलेंस क्रमांक एमएच 13 सीयू 0707 में गांजा परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टेमरी जांच नाका में घेराबंदी की गई। यहां एंबुलेंस के आगे चल रही पायलेटिंग कार एमएच 12 एनबी 5277 को भी रोका गया। पूछताछ में आरोपियों ने एंबुलेंस में गांजा होने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान वाहन से करीब 77 किलो गांजा बरामद हुआ।

Advertisement

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से गांजा लेकर महाराष्ट्र के सोलापुर में खपाने की तैयारी में थे। पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने एंबुलेंस का इस्तेमाल किया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनका पूरा नेटवर्क बेनकाब हो गया।

 

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 68/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन, सप्लाई चेन, सोर्स प्वाइंट और डेस्टिनेशन नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

 

एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के अनुसार पिछले चार महीनों में 84 प्रकरणों में 6093.121 किलो गांजा जब्त किया गया है। इस दौरान 221 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, जिनमें 54 आरोपी छत्तीसगढ़ और 167 अन्य राज्यों के निवासी हैं।

Related Articles

Back to top button