एटीएम चोरी की बड़ी वारदात नाकाम, गैस कटर के साथ आरोपी रंगे हाथ गिरफ्तार….

रायगढ़ में पूंजीपथरा पुलिस की सतर्कता से एटीएम चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। देर रात गश्त के दौरान पुलिस को गेरवानी चौक स्थित एटीएम के पास संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक आरोपी को गैस कटर से एटीएम मशीन तोड़कर चोरी का प्रयास करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के निर्देशन में गश्त कर रहे आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को घेराबंदी कर दबोचा। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया जा रहा गैस कटर बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में एटीएम मशीन को करीब 3 लाख 50 हजार रुपये का नुकसान होने की जानकारी सामने आई है।
पूछताछ में आरोपी पंकज कुमार पासवान ने बताया कि आर्थिक तंगी और कर्ज के चलते उसने इस वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, इस साहसिक कार्रवाई के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पूरी टीम की सराहना करते हुए तीनों आरक्षकों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है।




