माचिस गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के व्यापार विहार में माचिस के गोदाम में भीषण आग लगने से लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। व्यापार विहार क्षेत्र स्थित एक माचिस गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए निगम उपायुक्त खजांची कुम्हार भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते दमकल की टीम के पहुंचने से आग को फैलने से रोका गया, लेकिन इस हादसे में लाखों का नुकसान होने की आशंका है।




