बिलासपुर ब्रेकिंग: तिफरा EWS कॉलोनी में खूनी खेल या हादसा? प्रेमी की मौत, प्रेमिका वेंटिलेटर पर; छत की कुंडी ने उलझाई गुत्थी

(आशीष मौर्य संपादक) :बिलासपुर :-न्यायधानी के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा बस स्टैंड के पास स्थित EWS कॉलोनी में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन और सूनी बिल्डिंग की छत से प्रेमी युगल संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवती की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती छत का वो दरवाजा बना है, जिसकी कुंडी बाहर से बंद थी।
पूरी घटना: प्यार, नशा और मौत का मंजर : मृतक की पहचान चिरंजीव पांडे उर्फ चिंटू 23 वर्ष के रूप में हुई है, जो यदुनंदन नगर का निवासी था और चोलामंडलम फाइनेंस में कार्यरत था। जानकारी के मुताबिक, उसका पिछले 3 सालों से गांधी चौक निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों को EWS कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 34 की तीसरी मंजिल पर देखा गया था। कुछ ही देर बाद भारी शोर के साथ दोनों नीचे गिरे। चिरंजीव के सिर पर घातक चोट और जांघ की हड्डी टूटने के कारण उसने मौके पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया। युवती की रीढ़ की हड्डी पूरी तरह डैमेज हो चुकी है और वह वर्तमान में अस्पताल में जीवन और मौत की जंग लड़ रही है।
घटनास्थल की ‘कहानी’: साजिश की बू? : पुलिस जब ब्लॉक नंबर 34 की छत पर पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। मौके पर ऐसे साक्ष्य मिले हैं जो सामान्य हादसे की थ्योरी को नकार रहे हैं:
महफिल का सामान: छत पर शराब की आधी खाली बोतल, दो गिलास जिनमें ताज़ा पैग बने हुए थे, युवक के कुछ कपड़े, एक बेडशीट और कंबल मिले हैं।
कुंडी का रहस्य: सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि छत पर केवल ये दोनों ही थे, तो छत की कुंडी बाहर से किसने बंद की? यह इशारा करता है कि वहां कोई तीसरा व्यक्ति भी मौजूद हो सकता था।
नशे की हालत: घटनास्थल के हालात बताते हैं कि गिरने से पहले दोनों ने नशा किया था, जिससे संतुलन बिगड़ने की संभावना भी है।
डॉग स्क्वाड और FSL की एंट्री : मामले की पेचीदगी को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया। डॉग स्क्वाड ने छत से लेकर बिल्डिंग के नीचे तक की तलाशी ली है ताकि यह पता चल सके कि घटना के वक्त कोई और वहां से भागा तो नहीं।




