गौरा-गौरी विसर्जन के बाद नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत, एक जिंदा बचा

बलौदा बाजार जिले के सिमगा क्षेत्र से दुखद खबर सामने आ रही है, जहां गौरा-गौरी विसर्जन के बाद शिवनाथ नदी में नहाने गए चार युवकों में से तीन की डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, करहुल गांव के मुकेश साहू (24), उनके भाई दुलेश साहू (21), बिलासपुर के भावेश साहू (28) और युगल प्रसाद साहू (25) नदी के चंदिया पथरा घाट पर नहाने गए थे। शुरू में वे उथले पानी में थे, लेकिन अचानक तेज बहाव में वे गहरे पानी में खिंच गए।
ग्रामीणों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया और युगल प्रसाद साहू को सुरक्षित बचा लिया। लेकिन मुकेश, दुलेश और भावेश नदी की तेज धारा में बह गए। घटना की सूचना मिलने पर सिमगा थाना पुलिस और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तीनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले। मृतकों में दो सगे भाई मुकेश और दुलेश साहू और उनका रिश्तेदार भावेश साहू शामिल हैं।
गांव में मातम का माहौल है और परिजन गमगीन हैं। घटना ने त्योहार की खुशियों को दुखद घटनाओं में बदल दिया।




