व्यापार विहार में नकली सामान का बड़ा खेल…! सेहत से खिलवाड़ जारी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर संभाग का सबसे बड़ा थोक बाजार… व्यापार विहार… अब भरोसे का नहीं बल्कि खतरे का बाजार बनता जा रहा है। यहां रोजमर्रा के इस्तेमाल के नकली सामान धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं… और जिम्मेदार विभाग की कार्रवाई के बावजूद ये खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा। बिलासपुर के व्यापार विहार में इन दिनों नकली सामान का बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। जानकारी के मुताबिक, यहां व्यापारियों को बड़े पैमाने पर डुप्लीकेट प्रोडक्ट सप्लाई किए जा रहे हैं, जिन्हें बाद में आम लोगों को असली बताकर बेचा जा रहा है। हाल ही में जांच के लिए पहुंची टीमों ने कई दुकानों से सैंपल लिए हैं, जिससे इस पूरे फर्जीवाड़े की पुष्टि होती नजर आ रही है।
इससे पहले भी इसी इलाके से नकली सिगरेट का बड़ा जखीरा पकड़ा जा चुका है… लेकिन इसके बावजूद कारोबारियों के हौसले कम नहीं हुए हैं। सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि अब सिर्फ कॉस्मेटिक ही नहीं, बल्कि खाने-पीने और रोजमर्रा के इस्तेमाल के सामान भी नकली बेचे जा रहे हैं। इसमें टूथपेस्ट, शैंपू, डिटर्जेंट पाउडर, ईनो जैसे प्रोडक्ट शामिल हैं… जो सीधे लोगों की सेहत से जुड़े हैं।
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दुकानों के नाम भी सामने आए हैं… और विभाग जल्द ही इन पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। लेकिन सवाल ये है कि आखिर कब तक ये नकली सामान लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करता रहेगा? व्यापार विहार जैसे बड़े बाजार में अगर इस तरह का फर्जीवाड़ा खुलेआम चल रहा है… तो ये सिर्फ कानून नहीं, बल्कि लोगों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस पर कब और कितनी सख्त कार्रवाई करता है। हेडलाइन




