बिलासपुर

CBSE के नाम पर एडमिशन, बाद मे बदला परीक्षा पैटर्न, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के खिलाफ अभिभावकों का हंगामा.

(भूपेंद्र सिंह राठौर/प्रदीप भोई) : बिलासपुर में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। CBSE से संबद्ध होने का दावा कर एडमिशन देने और बाद में नियम बदलने के आरोपों से नाराज अभिभावकों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और जब बात नहीं बनी तो देर रात जमकर हंगामा किया।

Advertisement

अभिभावकों के मुताबिक स्कूल प्रबंधन ने खुद को CBSE बोर्ड से एफिलिएटेड बताकर बच्चों का एडमिशन कराया और उसी आधार पर पढ़ाई भी कराई। लेकिन विवाद तब शुरू हुआ जब 5वीं और 8वीं की परीक्षा के बाद अचानक अभिभावकों को मैसेज भेजकर दोबारा परीक्षा देने के लिए कहा गया।सोमवार सुबह ही बड़ी संख्या में अभिभावक कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की, लेकिन जब तत्काल समाधान नहीं निकला तो उनका आक्रोश बढ़ गया।

Advertisement

इसके बाद सोमवार देर रात अभिभावकों ने स्कूल के सामने, कलेक्टर बंगले के पास और सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जमकर हंगामा किया और विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा।अभिभावकों का आरोप है कि स्कूल ने गलत जानकारी देकर बच्चों का भविष्य दांव पर लगा दिया। पहले CBSE के नाम पर पढ़ाई कराई गई और अब CG बोर्ड से परीक्षा देने का दबाव बनाया जा रहा है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।

 

अभिभावकों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग भी की। मामले को लेकर प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है और कहा है कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है, लेकिन इस घटनाक्रम ने निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली और उनकी मान्यता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Related Articles

Back to top button