बिलासपुर में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, अतिरिक्त तहसीलदार लखेश्वर ध्रुव के ठिकानों पर छापा

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर में भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह ACB की टीम ने अतिरिक्त तहसीलदार लखेश्वर ध्रुव के निवास पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान 6 से अधिक अधिकारियों की टीम मौजूद रही और घंटों तक दस्तावेजों की जांच की गई। सूत्रों के मुताबिक, टीम ने कुछ अहम फाइलें जब्त की हैं, जो भारतमाला प्रोजेक्ट के भूमि अधिग्रहण से जुड़ी गड़बड़ियों की तरफ इशारा करती हैं।
लखेश्वर ध्रुव पूर्व में रायपुर में नायब तहसीलदार रहे हैं और वर्तमान में बिलासपुर में पदस्थ हैं। कार्रवाई के दौरान परिजनों द्वारा विरोध किए जाने की भी जानकारी सामने आई, लेकिन टीम ने कानूनी प्रक्रिया जारी रखते हुए जांच पूरी की।
फिलहाल जब्त दस्तावेजों की जांच जारी है और ACB की ओर से आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा की जा रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।




