होली से पहले पुलिस की सख्त कार्रवाई, डरावने मुखौटे जब्त

होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए जांजगीर चांपा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बलौदा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। पुलिस ने विभिन्न दुकानों में जांच कर करीब 300 डरावने और भ्रामक मुखौटे जब्त किए। आशंका जताई जा रही थी कि असामाजिक तत्व इन मुखौटों का इस्तेमाल कर पहचान छिपाकर हुड़दंग या आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं, जिसे देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
थाना प्रभारी बलौदा निरीक्षक मनोहर सिन्हा ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे आपत्तिजनक या डरावने मुखौटों की बिक्री न करें। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे शांति और भाईचारे के साथ होली मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




