होलिका दहन में बरतें सावधानी, बिजली कंपनी अलर्ट मोड पर

बिलासपुर – होलिकोत्सव को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम नागरिकों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। बिजली कंपनी ने साफ कहा है कि खंभों, बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों के पास होलिका दहन न किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना से बचा जा सके।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्थ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। होली के दौरान शिकायत केंद्रों में पूरी तैयारी रखने को कहा गया है। कंपनी ने चेतावनी दी है कि विद्युत उपकेंद्रों, खंभों, लाइनों और ट्रांसफार्मरों के आसपास आग जलाना या रंगों की बौछार करना खतरनाक साबित हो सकता है।
होलिकोत्सव पर अवकाश होने के बावजूद बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए कॉल सेंटर 1912 चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा। उपभोक्ता हिंदी, अंग्रेजी और छत्तीसगढ़ी भाषा में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा व्हाट्सएप नंबर 9425551912 और शहर के विभिन्न फ्यूज कॉल सेंटरों में भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बिजली कंपनी ने नागरिकों से अपील की है कि विद्युत प्रणालियों से छेड़छाड़ न करें और किसी भी दुर्घटना की सूचना तुरंत निकटतम विद्युत कार्यालय को दें। थोड़ी सी सावधानी से बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।सुरक्षित होली मनाएं, बिजली सुरक्षा का रखें विशेष ध्यान।




