जांजगीर-चाम्पा
ड्रोन की नजर में होली: जांजगीर-चांपा में 3 हाईटेक ड्रोन से रखी जाएगी कड़ी निगरानी

होली पर्व को लेकर जांजगीर-चांपा जिला में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जांजगीर-चांपा पुलिस इस बार ड्रोन तकनीक का सहारा लेते हुए जिले के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर रखेगी।
तीन आधुनिक ड्रोन अलग-अलग स्थानों से उड़ान भरकर प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संकरी गलियों की हवाई मॉनिटरिंग करेंगे। जहां पुलिस बल की सीधी पहुंच मुश्किल होती है, वहां भी ड्रोन के जरिए निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष नजर रहेगी, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील है कि वे शांति, सौहार्द और कानून का पालन करते हुए होली का पर्व मनाएं।




