‘ऑपरेशन प्रहार’ : 9 वाहन व 140 टन अवैध स्क्रैप जब्त, 1.60 करोड़ की संपत्ति सीज

रायगढ़ – जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने अवैध स्क्रैप परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने उड़ीसा से पूंजीपथरा की ओर ले जाए जा रहे 9 वाहनों को पकड़कर करीब 140 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया। जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये और वाहनों सहित कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 1 करोड़ 60 लाख रुपये आंका गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ट्रक, माजदा और पिकअप वाहनों में लोहा, टीन, झड़ टुकड़े और मोटर पार्ट्स लोड कर जिले के गेरवानी और पूंजीपथरा क्षेत्र में खपाने की तैयारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर थाना, कोतवाली और जूटमिल पुलिस ने संयुक्त रूप से हाईवे और अंदरूनी मार्गों पर नाकेबंदी की। जूटमिल पुलिस ने गढ़उमरिया मार्ग पर तीन ट्रकों से लगभग 85 टन स्क्रैप पकड़ा, जबकि कोतवाली और साइबर थाना टीम ने उर्दना के पास 6 अन्य वाहनों से करीब 54 टन स्क्रैप जब्त किया।
वाहन चालकों से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। चोरी की संपत्ति होने के संदेह पर संबंधित थानों में आरोपियों के विरुद्ध बीएनएसएस और बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 5 ट्रक, 3 माजदा और 1 पिकअप सहित कुल 139.5 टन स्क्रैप जब्त किया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन में शामिल लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध स्क्रैप कारोबार में संलिप्त गिरोहों में हड़कंप मच गया है।




