वितरण केंद्र सकरी में ‘‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’’ का आयोजन: उपभोक्ताओं को दी गई स्मार्ट मीटर की तकनीकी जानकारी

बिलासपुर – भारत सरकार के केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय के निर्देशानुसार, उपभोक्ताओं को आधुनिक बिजली प्रणालियों के प्रति जागरूक करने के लिए दिनांक 09 से 23 फरवरी 2026 तक ‘‘स्मार्ट मीटर पखवाड़ा’’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड बिलासपुर क्षेत्र के अंतर्गत वितरण केंद्र सकरी में उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वितरण केन्द्र सकरी के कनिष्ठ यंत्री कंचन खूंटे, तकनीकी स्टॉफ संजय राठौर और जीनस स्मार्ट मीटर के सदस्य विवेक दुबे, ऋतिक, अंशुल कश्यप एवं अभिषेक उपस्थित रहे। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय उपभोक्ताओं ने हिस्सा लिया।शिविर के दौरान अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की स्मार्ट मीटर से जुड़ी शंकाओं को दूर करते हुए इसके विभिन्न फायदों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्य रूप से उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की पारदर्शिता और सटीक बिलिंग के बारे में बताया गया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर पूरी तरह स्वचालित है, इससे मानवीय हस्तक्षेप खत्म होगा और गलत रीडिंग या बिलिंग की समस्या से निजात मिलेगी।
शिविर में उपभोक्ताओं को सिखाया गया कि कैसे वे मोर बिजली ऐप के माध्यम से अपने स्मार्ट मीटर का लाइव डेटा, बैलेंस और खपत की जांच कर सकते हैं। उपभोक्ता अपनी खपत को ट्रैक कर बिजली बिल कम कर सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर और रिले ऑफ (लाइट बंद होने) की स्थिति में अपनाए जाने वाले कदमों के बारे में सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही निराकरण किया गया। विभाग की टीमें इस पखवाड़े के दौरान घर-घर जाकर भी लोगों को जागरूक करेंगी.



