होटल ट्रिनिटी के स्पा सेंटर पर छापा, देह व्यापार का खुलासा, संचालक व होटल मैनेजर गिरफ्तार

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के होटल ट्रिनिटी में संचालित सनराइज स्पा एंड सैलून का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने स्पा सेंटर के संचालक और होटल मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई होटल की सातवीं मंजिल पर की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के नेतृत्व में कोतवाली थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह रेड कार्रवाई की।
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल ट्रिनिटी स्थित स्पा सेंटर में ग्राहकों को लड़कियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने पहले एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर स्पा सेंटर भेजा। जैसे ही अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई, पुलिस टीम ने शाम करीब साढ़े सात बजे होटल में दबिश दी।छापेमारी के दौरान होटल के तीन अलग-अलग कमरों से तीन महिलाएं मिलीं। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा मर्यादा का ध्यान रखते हुए तलाशी ली गई, जहां से आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई।पूछताछ में स्पा संचालक विनयकांत बरगट ने अवैध देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने होटल मैनेजर देवेन्द्र सिंह को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ओप्पो रेनो 11 प्रो 5G मोबाइल फोन, छह हजार रुपये नकद, स्पा से जुड़े दस्तावेज, ग्राहकों का रजिस्टर और वर्ष 2024 से संबंधित किरायानामा दस्तावेज जब्त किए हैं, आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि रायगढ़ जिले में देह व्यापार, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




