एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, दूध के गिलास मिले

उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। महावन थाना क्षेत्र के खप्परपुर गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतकों के शव घर के अंदर मिले हैं और उनके पास दूध के गिलास पड़े हुए पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सभी ने दूध में जहर मिलाकर एक साथ आत्महत्या की है।
मृतकों में 35 वर्षीय मनीष, उनकी 32 वर्षीय पत्नी सीमा, पांच वर्षीय बेटी हनी, चार वर्षीय बेटी प्रियांशी और दो वर्षीय बेटा पंकज शामिल हैं। बताया जा रहा है कि घटना देर रात की है। सुबह जब परिवार का कोई सदस्य घर से बाहर नहीं निकला तो परिजनों और ग्रामीणों को शक हुआ। घर के अंदर झांककर देखा गया तो सभी के शव पड़े मिले, जिसके बाद गांव में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो रसोई की दीवार पर लिखा मिला— “हम स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं”। पुलिस इस सुसाइड नोट की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मनीष खेती-किसानी करते थे और उनके दो भाई पास ही रहते हैं। परिवार पर हाल ही में दुखों का साया भी रहा है, क्योंकि कुछ दिन पहले मनीष के पिता का देहांत हो गया था। पुलिस आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है।फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।




