आईजी रामगोपाल गर्ग का मुंगेली दौरा, अपराध नियंत्रण और जनहितकारी पुलिसिंग पर दिया जोर

(मनीष नामदेव) : मुंगेली में बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग अपने प्रवास पर रहे। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जहाँ कलेक्टर कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने आईजी का बुके भेंट कर स्वागत किया। प्रेसवार्ता में आईजी ने जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप पुलिसिंग को लेकर अहम बातें रखीं।
आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि अपराध पर प्रभावी लगाम लगाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि थाने आने वाली जनता से सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। साथ ही संगठित अपराधों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए अपराधियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रेसवार्ता में आईजी ने “सशक्त” डिजिटल ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐप में चोरी हुए वाहनों का डेटाबेस उपलब्ध है, जिसका उपयोग आम नागरिक भी कर सकते हैं। इसके अलावा जिले के सभी थानों में क्यूआर कोड के माध्यम से फीडबैक और शिकायत की व्यवस्था की जाएगी, जिससे जनता सीधे पुलिस की कार्यप्रणाली पर अपनी राय दे सकेगी। यह फीडबैक सीधे आईजी कार्यालय पहुंचेगा और उस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश पुलिस अधीक्षक कार्यालय को दिए जाएंगे।




