तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर मौत

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर–रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130 पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। हिर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहदा मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
यह घटना 28 जनवरी की शाम की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक रामबगस ओगरे मोटरसाइकिल से बिलासपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे मोहदा मोड़ के पास पहुंचे, तभी बिलासपुर की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रहे वाहन क्रमांक CG 07 CW 1777 के चालक ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रामबगस ओगरे के सिर, दाहिने हाथ और पैर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी।सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और हिर्री थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की गंभीर चेतावनी देता है।




