6 साल की मासूम से दरिंदगी, आक्रोशित जनता ने की ‘बुलडोजर न्याय’ की मांग!

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – न्यायधानी बिलासपुर से एक ऐसी खबर आ रही है जिसने न केवल शहर को, बल्कि पूरी इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। सरकंडा इलाके में एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ वो हुआ, जिसकी कल्पना मात्र से रूह कांप जाए।मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है, जहाँ चंदू केंवट नाम के एक शख्स ने अपनी हवस के लिए मासूमियत का गला घोंट दिया। 6 साल की बच्ची के साथ हुई इस हैवानियत की खबर जैसे ही फैली, पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आई। एएसपी पंकज कुमार पटेल के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी चंदू केंवट को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और आरोपी पर पोक्सो एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
लेकिन बिलासपुर की जनता सिर्फ गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं है। लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। स्थानीय निवासियों ने अब प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को ऐसी सजा दी जाए जो मिसाल बन सके। राजधानी की तर्ज पर अब मांग उठ रही है कि इस दरिंदे के घर पर भी ‘बुलडोजर’ चलना चाहिए।
पुलिस ने आरोपी को सलाखों के पीछे तो भेज दिया है, लेकिन सवाल वही है कि आखिर कब तक मासूमों की सुरक्षा पर ऐसे दरिंदे सेंध मारते रहेंगे? क्या प्रशासन जनता की मांग पर कड़ा रुख अपनाएगा? पूरा शहर इस वक्त सिर्फ एक ही मांग कर रहा है, मासूम को न्याय और हैवान को कड़ी से कड़ी सजा।




