सीसीएन लोकस्वर परिसर में हनुमान जयंती पर भक्तिमय आयोजन, श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – शनिवार को पूरे जिले में हनुमान जयंती का पर्व हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में हवन, पूजन, सुंदरकांड पाठ, महाआरती और भंडारे का आयोजन किया गया। इसी क्रम में वेयरहाउस रोड स्थित सीसीएन लोकस्वर कार्यालय परिसर में भी हनुमान जयंती के अवसर पर विशेष आयोजन किया गया।
शनिवार को हनुमान जयंती के पावन अवसर पर सीसीएन लोकस्वर परिवार ने कार्यालय परिसर में भव्य आयोजन किया। जिसमें हवन पूजन, सुंदरकांड पाठ, हनुमान चालीसा और भंडारे का आयोजन बड़े ही श्रद्धा भाव से किया गया। इस आयोजन में क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। हनुमान जी का विशेष श्रृंगार किया गया और उनके चरणों में सभी ने सुख-शांति और कल्याण की कामना की। हवन के बाद महाआरती का आयोजन हुआ और भक्तों को भोग व प्रसाद वितरित किया गया।
सीसीएन परिवार, लोकस्वर टीवी चैनल के सभी कर्मचारी और संबंधित विभागों के सदस्यों ने मिलकर आयोजन को सफल बनाया। आयोजन के अंत में महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुजारी कौशल किशोर द्विवेदी ने बताया कि हनुमान जयंती का यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। यह केवल परंपरा नहीं, बल्कि आस्था का उत्सव है। प्रभु के चरणों में क्षमा याचना की जाती है और कलियुग में उन्हें ही एकमात्र सहारा माना जाता है।
हनुमान जयंती का यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक एकता और सहयोग की मिसाल भी प्रस्तुत करता है। लोकस्वर न्यूज़ की ओर से आप सभी को हनुमान जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं।




