रिंग रोड पर देर रात बड़ा हादसा, मैग्नेटो मॉल के सामने दो ट्रक आपस में टकराए

राजधानी रायपुर के रिंग रोड नंबर 01 पर देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मैग्नेटो मॉल के सामने तेज रफ्तार कंटेनर ने डंपर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में कंटेनर का ड्राइवर और क्लीनर घायल हो गए, जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस और राहगीरों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
हादसे के बाद दोनों ट्रक बीच सड़क पर ही खड़े रह गए, जिससे रिंग रोड पर यातायात बाधित हो गया। देर रात होने के बावजूद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित करने में जुट गई।फिलहाल पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




