भीषण सड़क हादसा: बस-कंटेनर टक्कर के बाद लगी आग, 3 की मौत

आंध्र प्रदेश के नांदियाल जिले से एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। नांदियाल-अल्लागड्डा रोड पर सिरिवेल्ला मेट्टा के पास एक पैसेंजर बस और कंटेनर लॉरी के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में तीन लोगों की जलकर मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसा बस का टायर फटने से हुआ, जिससे बस बेकाबू होकर डिवाइडर पार कर गई और मोटरसाइकिलों से लदी कंटेनर लॉरी से जा टकराई। टक्कर के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई।
हादसे के दौरान स्थानीय लोगों और बस के क्लीनर ने खिड़कियां तोड़कर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। बस ड्राइवर और ट्रक ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 36 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इनमें से चार यात्रियों को मामूली फ्रैक्चर की चोटें आई हैं, जिन्हें नांदियाल जिला सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में टायर फटने को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।




