रायपुर

सरकारी शराब दुकान में नौकरी का झांसा….फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 4.50 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने सरकारी शराब दुकानों में सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने भर्ती का फर्जी मैसेज भेजकर युवकों को अपने जाल में फंसाया और नौकरी का भरोसा दिलाकर उनसे 4 लाख 50 हजार रुपये ऐंठ लिए।

Advertisement

पीड़ित शिवधन सागर ने खम्हारडीह थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सितंबर 2025 में उसे मोबाइल पर सरकारी मदिरा दुकानों में भर्ती का संदेश मिला। संपर्क करने पर आरोपी योगेश साहू ने रायपुर बुलाकर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अपने साथी दिलीप यादव के साथ मिलकर किस्तों में लाखों रुपये वसूल लिए। आरोपियों ने जिला कोरबा की शासकीय विदेशी मदिरा दुकान के नाम से फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिए, जो जांच में पूरी तरह फर्जी निकले।

 

मामले की शिकायत मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button