रेत के अवैध उत्खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 ट्रैक्टर जब्त

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर जिले में वन विभाग ने अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पांच ट्रैक्टर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई भैंसाझार वन परिक्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं।मामला 24 दिसंबर की शाम का है। शायःकालीन गश्त के दौरान परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी भैंसाझार, वन अमला और उड़नदस्ता टीम को वन क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। इसके बाद प्रबंध संचालक छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम लिमिटेड और क्षेत्रीय महाप्रबंधक बिलासपुर के मार्गदर्शन में मंडल प्रबंधक, कोटा परियोजना मंडल बिलासपुर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में टीम ने भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट, कक्ष क्रमांक P/1586 में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से ट्रॉली सहित 5 ट्रैक्टर अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पकड़े गए।
वन विभाग ने सभी वाहनों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही पांचों ट्रैक्टरों को ट्रॉली सहित जब्त कर वन विभाग की अभिरक्षा में ले लिया गया है।वन अधिकारियों का कहना है कि अवैध उत्खनन से वन क्षेत्र और पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है, इसलिए इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




