BIG BREAKING : बिलासपुर में जहरीली महुआ शराब का कहर…..7 लोगों के मौत की खबर, 4 की हालत गंभीर

(आशीष मौर्य/जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम लोफंदी में जहरीली महुआ शराब पीने से 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 की हालत गंभीर बनी हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गंभीर रूप से बीमार 4 लोगों को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि ग्रामीण पिछले तीन दिनों से लगातार महुआ शराब का सेवन कर रहे थे, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों को संदेह है कि इस अवैध शराब के पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ हो सकता है। वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी शुरू कर दी गई है। लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन पहले से सख्त कार्रवाई करता तो क्या इन जानों को बचाया जा सकता था?
स्थानीय लोग प्रशासन से अवैध शराब पर रोक लगाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, मृतकों के परिवारों को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की जा रही है।
यह घटना प्रशासन के लिए एक बड़ा सबक है। क्या अब अवैध शराब माफियाओं पर शिकंजा कसा जाएगा, या फिर ऐसी घटनाएं दोहराई जाती रहेंगी? यह बड़ा सवाल है।
मृतकों के नाम :
रामू सुनहले
दल्लू पटेल
शत्रुहन देवांगन
कन्हैया पटेल
कोमल लहरे
बलदेव पटेल
कोमल देवांगन ऊर्फ नानू




