जमीन विवाद में हिंसा, पुलिस ने 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार

जशपुर जिले के कोतबा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरीढाब में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट और बलवे के मामले में जशपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने एक ही गांव के 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2016 में हुई जमीन बिक्री को लेकर चल रहे विवाद के बीच आरोपियों ने लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित परिवार पर हमला किया। इस दौरान प्रार्थी के बुजुर्ग पिता पर भी प्राणघातक हमला किया गया, जिससे वे बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया, उनके कब्जे से मारपीट में प्रयुक्त लाठियां जब्त कीं और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।
गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर शांति व्यवस्था का संदेश दिया है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।




